After Header-1

चंपावत को मिली 165 करोड़ की सौगात, टनकपुर-बनबसा की बदलेगी तस्वीर

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चंपावत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं से सड़क, पेयजल, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण एवं सुधार किया जाएगा।

धामी ने बताया कि टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डा बनाया जा रहा है। शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास पर प्रथम चरण में 107.35 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ रुपये से रोपवे निर्माण और किरोड़ा नाले पर पुल के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

बनबसा में 502 करोड़ रुपये की लैंड पोर्ट परियोजना से व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, 55.53 करोड़ रुपये से साइंस सेंटर और 20 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ सीमांत और दूरस्थ गांवों तक पहुंचाना है। आदर्श चंपावत का विकास ही आदर्श उत्तराखंड के निर्माण का मजबूत आधार बनेगा।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.