देहरादून/बेंगलुरु। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की स्थापना के 45 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के संस्थापक गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को बधाई देते हुए संस्था की उपलब्धियों और सामाजिक योगदान की सराहना की।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग की 45 वर्षों की यात्रा केवल किसी संस्था की उपलब्धि नहीं है, बल्कि आध्यात्मिक चेतना, मानव सेवा और विश्वबंधुत्व को समर्पित एक प्रेरणादायक अभियान है। गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने योग, ध्यान, प्राणायाम और सुदर्शन क्रिया के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा के संदेश को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानने की प्रेरणा देता है। योग और ध्यान भारतीय ऋषि परंपरा की अमूल्य देन हैं। इनके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक संतुलन के साथ आत्मानुशासन तथा सकारात्मक जीवनशैली अपना सकता है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस संकल्प को साकार करने के लिए आर्थिक प्रगति के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना को भी प्राथमिकता देना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग जैसी संस्थाएं केवल व्यक्ति निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
राज्यपाल ने संस्था से जुड़े साधकों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं को 45 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्था भविष्य में भी मानव सेवा, आध्यात्मिक जागरण और विश्व शांति के अपने प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।

