लालकुआं। बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच अब 27 नवंबर की तारीख महत्वपूर्ण हो गई है। इस दिन प्रस्तावित उच्च स्तरीय बैठक में इस मामले पर निर्णय लिए जाने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर लौटे 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने यह जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल में वन अधिकार संगठन और पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल थे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने के मामले में मुख्य सचिव से दूरभाष पर बातचीत की। इस पर मुख्य सचिव ने आगामी 27 नवंबर को होने वाली उच्च स्तरीय बैठक में इस विषय पर निर्णय लेने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि बिंदुखत्ता की समस्या का जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने 27 नवंबर को होने वाली बैठक के परिणाम को लेकर भी सकारात्मक उम्मीद जताई।
वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में पूर्व में दिए गए आश्वासनों को दोहराया गया है। अब संगठन को उम्मीद है कि आगामी बैठक में राजस्व गांव की मांग पर कोई ठोस निर्णय सामने आएगा।
हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया है कि बैठक तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। बिंदुखत्ता में चल रहा क्रमिक धरना-प्रदर्शन पूर्ववत जारी रहेगा और पहले से निर्धारित कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि 27 नवंबर की बैठक के परिणाम के बाद ही आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र के लोगों और आंदोलनकारियों की निगाहें सरकार की इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं।

