देहरादून। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले विभागों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। निर्वाचन कार्यों के लिए कर्मचारियों का विवरण उपलब्ध नहीं कराने और अधूरी सूची भेजने वाले विभागों के विभागाध्यक्षों पर कार्रवाई की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनपद के सभी केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों, कार्यालयों और संस्थानों को अपने यहां कार्यरत कार्मिकों का पूरा विवरण निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कई विभागों ने अब तक सूची उपलब्ध नहीं कराई है, जबकि कुछ विभागों ने अधूरी जानकारी भेजी है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा ने बताया कि जनपद में अब तक करीब 500 विभागों ने ही अपने कार्मिकों का विवरण उपलब्ध कराया है। वहीं, 250 से अधिक विभाग ऐसे हैं, जिन्होंने अभी तक कर्मचारियों की सूची नहीं भेजी है। इसके अलावा कई विभागों की ओर से आंशिक और अपूर्ण विवरण उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का पूरा ब्योरा नहीं मिलने के कारण आगामी विधानसभा चुनाव के लिए आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता का आकलन करने में दिक्कतें आ रही हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया है कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों को गंभीरता से लेते हुए कार्मिकों का पूरा विवरण तत्काल उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों का सहयोग अनिवार्य है। निर्देशों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

