After Header-1

लोकसंस्कृति को सहेजने के लिए धामी का बड़ा ऐलान, बिंदुखत्ता में बनेगा भव्य सांस्कृतिक सभागार

बिंदुखत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति हमारी पहचान और अमूल्य धरोहर है। इसका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आधुनिकता के दौर में अपनी लोकभाषाओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को सहेजकर रखना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री सोमवार को नैनीताल जिले के बिंदुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महान लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनाने की घोषणा की। साथ ही स्व. मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य प्रस्तावित विकास कार्य कराने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा केवल लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की झलक मिलती है। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार की आवाज उठाई, जबकि ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा लगाव दिखाई देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की असली उपलब्धि यही है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें।

विकास कार्यों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि शेरनाला पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण शुरू हो चुका है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिंदुखत्ता में विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बिजली संबंधी कार्य कराए जा रहे हैं। इसके तहत नए विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और लाइनें स्थापित की जा रही हैं। लालकुआं क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

समारोह में लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.