After Header-1

साइबर और ड्रोन तकनीक से बदल रहीं सुरक्षा चुनौतियां, राज्यपाल ने सैन्य नेतृत्व को दिया खास संदेश

देहरादून। बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में देश की रक्षा के लिए सैन्य अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष होने के साथ सामरिक दूरदर्शिता और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करनी होगी। साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ड्रोन तकनीक भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था के महत्वपूर्ण आधार बन रहे हैं। यह बात राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को लोक भवन में हायर डिफेंस मैनेजमेंट कोर्स (एचडीएमसी-22) के प्रतिभागी सैन्य अधिकारियों से मुलाकात के दौरान कही।

कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के कमांडेंट एयर वाइस मार्शल जी.के.जे. रेड्डी के नेतृत्व में सैन्य अधिकारियों का दल उत्तराखंड के फॉरवर्ड एरिया टूर पर पहुंचा है। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ विभिन्न सुरक्षा चुनौतियों और सैन्य नेतृत्व की भूमिका पर चर्चा की।

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं देश की संप्रभुता, सुरक्षा और स्वाभिमान की मजबूत प्रहरी हैं। विषम परिस्थितियों में सीमाओं की रक्षा करने के साथ प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संकटों के समय भी सेना ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई है। उन्होंने कहा कि सेना की सबसे बड़ी ताकत उसका अनुशासन, एकता और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण है।

उन्होंने तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त कार्यप्रणाली को समय की आवश्यकता बताया। साथ ही स्वदेशी रक्षा उत्पादन, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इससे आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य मजबूत होगा।

राज्यपाल ने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को राष्ट्रीय सुरक्षा से सीधे जुड़ा विषय बताया। उन्होंने कहा कि सीमांत गांवों में सड़क, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। स्थानीय लोगों का जीवन सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना सीमाओं की मजबूती का भी अहम आधार है।

सैन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे सैन्य नेतृत्व की पहचान अनुशासन, चरित्र, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता से होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव अधिकारियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में अधिक सक्षम बनाएंगे। इस अवसर पर कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट के अधिकारी और पाठ्यक्रम के प्रतिभागी सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.