देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, कौशल और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित प्रशिक्षण, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है। प्रदेश के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के किसी भी प्रतिस्पर्धात्मक मंच पर सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवाओं की उपलब्धियां उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को मजबूत कर रही हैं।
मुख्यमंत्री सोमवार को देहरादून स्थित आईआरडीटी सभागार में कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने इंडिया स्किल प्रतियोगिता 2025-26 के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार हासिल करने वाले 35 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) के टॉपर्स को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने आईटीआई में राज्य स्तरीय प्रवेश प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा कौशल महोत्सव प्रदेश के युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और क्षमता को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। कौशल विकास आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन चुका है। युवाओं को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी योग्यता साबित की है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनकी उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

