After Header-1

स्कूली बच्चों की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही उजागर, डीएलएसए ने 107 वाहनों की जांच कर 35 के काटे चालान

देहरादून। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), देहरादून ने एक सप्ताह का विशेष सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है। 16 से 22 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के पहले ही दिन स्कूल वाहनों में कई गंभीर खामियां सामने आईं। परिवहन विभाग की टीम के साथ की गई जांच में 107 वाहनों का निरीक्षण किया गया, जिनमें अनियमितताएं मिलने पर 35 वाहनों के चालान किए गए।

उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला जज हरीश कुमार गोयल के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना और स्कूल बसों, वैन सहित अन्य वाहनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।

अभियान के प्रथम दिन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने परिवहन विभाग की टीम के साथ सर्वे चौक पर स्कूली वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान बसों, वैन और बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य वाहनों की बारीकी से जांच की गई।

निरीक्षण में कई वाहनों में प्राथमिक उपचार किट नहीं मिली, जबकि कुछ वाहनों में एक्सपायरी दवाइयां रखी हुई थीं। कई वाहनों के आपातकालीन निकास द्वार भी क्रियाशील नहीं पाए गए। इसके अलावा कुछ वाहनों में सीसीटीवी कैमरे और जीपीएस सिस्टम की व्यवस्था नहीं थी। जांच में यह भी सामने आया कि कई स्कूल वैन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था।

बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी इन गंभीर कमियों को देखते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित वाहनों के चालान किए। डीएलएसए का यह अभियान 22 नवंबर तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। इसके तहत स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच की जाएगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.