देहरादून। उम्र के आखिरी पड़ाव पर अपनों से सहारा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे बुजुर्गों को जब अपने ही बेटे-बहू की प्रताड़ना का सामना करना पड़े तो उनका दर्द समझना मुश्किल नहीं। सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित समाधान दिवस के दौरान ऐसे ही कई बुजुर्गों की पीड़ा सामने आई। किसी ने मकान पर कब्जे की शिकायत की तो किसी ने मारपीट, भरण-पोषण न देने और घर से बेदखल करने की आशंका जताई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं।
जनसुनवाई में बुजुर्गों की संपत्ति पर कब्जे, पारिवारिक प्रताड़ना, अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता और प्रमाण पत्र से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बेटे के दबाव से परेशान 75 वर्षीय बुजुर्ग
क्लेमेनटाउन निवासी 75 वर्षीय बिहारी लाल ने बताया कि पत्नी की मृत्यु के बाद उनका बेटा आवासीय भवन बेचने के लिए उन पर दबाव बना रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि इस उम्र में उन्हें रहने के लिए भी जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने अपने मकान की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। डीएम ने एसडीएम को मामले में तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुजुर्ग महिला ने लगाई सुरक्षा की गुहार
कैलाशपुर निवासी मीना देवी ने अपने बेटे-बहू पर मकान पर जबरन कब्जा करने, मारपीट करने और कमरे में बंद करने का आरोप लगाया। उन्होंने सुरक्षा दिलाने और मकान से कब्जा हटवाने की मांग की। वहीं, ऋषिकेश निवासी 76 वर्षीय उषा भल्ला ने अपने बेटे-बहू पर ऋषिकेश स्थित फ्लैट पर कब्जा कर उन्हें बेघर करने का आरोप लगाया। डीएम ने दोनों मामलों में संबंधित एसडीएम को प्राथमिकता से कार्रवाई कर पीड़ित महिलाओं को राहत दिलाने के निर्देश दिए।
भरण-पोषण नहीं देने की भी शिकायत
दीपनगर निवासी 65 वर्षीय विनोद प्रसाद ने अपने पुत्र पर भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देने और आए दिन विवाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुत्र को संपत्ति से बेदखल करने की मांग की। इस पर एसडीएम सदर को मामले की जांच कर बुजुर्ग दंपति को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

