देहरादून। उत्तराखंड में शीतलहर और पाले की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को ठंड के दौरान जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और आवश्यक सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री और विभागीय मंत्री ने शीतलहर के दौरान संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा समय रहते जरूरी इंतजाम करने को कहा है। सभी जिलों को अपना कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट रखने और विभागवार जिम्मेदारियां स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों और जरूरतमंदों पर रहेगी नजर
प्रशासन को शीतलहर, पाला, बर्फबारी और अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों को पहले से चिह्नित करने को कहा गया है। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम और दूरस्थ इलाकों में जनजीवन तथा आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभावों को ध्यान में रखकर तैयारी की जाएगी।
इसके अलावा बुजुर्गों, अकेले रहने वाले व्यक्तियों, नवजात शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों, गंभीर बीमारियों से ग्रसित लोगों, बेघर व्यक्तियों और खुले में काम करने वाले श्रमिकों की पहचान कर उनकी निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर इन्हें गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।
रैन बसेरों में मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार रैन बसेरों एवं अस्थायी आश्रय स्थलों की व्यवस्था की जाएगी। यहां हीटर, गर्म पानी, रोशनी, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और प्राथमिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
अस्पतालों और सड़कों की तैयारियों पर जोर
स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाएं, चिकित्सा दल और एंबुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर मोबाइल चिकित्सा दल भी तैनात किए जाएंगे।
पाला और बर्फबारी से प्रभावित होने वाले मार्गों पर सड़क खोलने वाली मशीनरी और उपकरण तैयार रखने को कहा गया है। संवेदनशील मार्गों पर चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे तथा नियमित निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही दूरस्थ और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में खाद्य सामग्री, ईंधन और अन्य जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

