देहरादून। उत्तराखंड में गोवंश संरक्षण और संवर्धन को प्रभावी बनाने के लिए अब प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में ठोस कार्यवाही की जाएगी। उत्तराखंड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष (डॉ.) पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने अधिकारियों और आयोग के सदस्यों को इस दिशा में गंभीरता से प्रयास करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक और सांस्कृतिक दायित्व है।
सोमवार को पशुधन भवन, मोथरोवाला में आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी भी मौजूद रहे। बैठक में गोवंश संरक्षण, संवर्धन और गोसेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. अणथ्वाल ने कहा कि उत्तराखंड सनातन की राजधानी है। देवभूमि के निर्माण की मूल परिकल्पना के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गो, गंगा, गायत्री और संत सेवा के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा और संरक्षण में जुटे लोगों पर भगवान की विशेष कृपा होती है। जहां गाय का अनादर होता है, वहां दुर्दशा होना निश्चित है। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को गोमाता के सम्मान, सेवा और संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
उन्होंने आयोग के सभी सदस्यों को निर्देश दिए कि वे बोर्ड की बैठकों में स्वयं अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। साथ ही प्रत्येक छह माह में बोर्ड की बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
अध्यक्ष ने सदस्यों से अपने-अपने जनपदों में सकारात्मक सोच के साथ गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की। उन्होंने बैठक में रखे गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से लेते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

