लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों के बीच पहुंचने पर वह स्वयं को मंत्री नहीं, बल्कि उनका भाई और बेटा मानते हैं। उन्होंने अपनी सैन्य पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें सेना से जुड़े अनुभवों और संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है और देश के लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक इस राज्य से आते हैं। यह प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सैनिकों का सम्मान और उनके परिवारों का कल्याण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। इनमें वन रैंक वन पेंशन योजना, नेशनल वॉर मेमोरियल का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार प्रमुख हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि में कई गुना वृद्धि की है। इसके अलावा पूर्व सैनिकों को दी जाने वाली सुविधाओं और विभिन्न वीरता पुरस्कारों से सम्मानित सैनिकों की एकमुश्त एवं वार्षिक सम्मान राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।
मंत्री ने कहा कि सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार सैनिकों और उनके परिवारों के प्रति सरकार की सम्मान भावना को दर्शाता है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री शमशेर सिंह बिष्ट, ब्रिगेडियर आरएस थापा, ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा, विंग कमांडर निधि बधानी, कर्नल वीपी भट्ट, प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुणा सहित कई पूर्व सैनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

