After Header-1

गोवर्धन पूजा पर मुख्यमंत्री धामी ने की गौ माता की पूजा, प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में विधि-विधान के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाया और पुष्पमाला पहनाकर पूजा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। यह पर्व हमें प्रकृति, पशुधन और पर्यावरण के प्रति सम्मान, आस्था तथा कृतज्ञता का भाव रखने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारतीय परंपरा में गौ माता को पूजनीय स्थान प्राप्त है। गौ संरक्षण और संवर्धन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा रहा है। गौ माता की सेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी से भी जुड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने का संदेश देता है। साथ ही यह पर्व सभी जीवों के प्रति दया, करुणा और संवेदनशीलता का भाव विकसित करने की प्रेरणा भी देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग बेहद जरूरी है। गौ सेवा एवं संरक्षण के साथ-साथ जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण की रक्षा करना भी हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं के मूल्यों को आत्मसात करने तथा प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गोवर्धन पूजा जैसे पर्व समाज में सद्भाव, सेवा, सहयोग और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करते हैं।

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.