इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जनता की सेवा तथा प्रदेश के समग्र विकास के संकल्प के साथ काम कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों और शहरी क्षेत्रों में सड़क, सुरक्षा तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित कार्य पूरे होने के बाद स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।
इन तीन विकास कार्यों का हुआ शिलान्यास
शिलान्यास के तहत गढ़ी कैंट के डाकरा क्षेत्र स्थित शास्त्री नगर में 50 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, डाकरा स्थित सार्वजनिक पार्क के सौंदर्यीकरण पर 2.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सत्यनारायण मंदिर परिसर में 11 लाख रुपये की लागत से टिन शेड का निर्माण कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान गणेश जोशी ने सत्यनारायण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरंग, विष्णु गुप्ता, मेघा भट्ट, जयराम सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

