अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस-ट्रक टक्कर में 5 की मौत

सूरत/आणंद। अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। आणंद और नडियाद के बीच साई दर्शन ट्रैवल्स की निजी लग्जरी बस की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस के अनुसार, साई दर्शन ट्रैवल्स की बस सूरत से राजस्थान जा रही थी। बुधवार तड़के करीब 3:30 से 4 बजे के बीच बस आणंद से नडियाद की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान बस की ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक हुए जोरदार धमाके से बस में अफरा-तफरी मच गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सूरत निवासी घायल धनेश जादव ने बताया कि वह सूरत से बस में सवार हुए थे। उन्होंने कहा कि अचानक जोरदार धमाका हुआ और यात्रियों को कुछ समझने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद बस के भीतर और बाहर चीख-पुकार मच गई।

मृतक के रिश्तेदार निमेषभाई ने बताया कि उन्होंने अपने रिश्तेदार को रात करीब नौ बजे सूरत से बस में बैठाया था। रात करीब सवा तीन बजे हादसे की जानकारी मिली। दुर्घटना में उनके बहनोई की मौत हो गई। परिवार ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।

आणंद ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण कुछ समय तक एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.