कर्मा-धर्मा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं, बाढ़ के पानी में 6 बच्चों की मौत

भागलपुर, 21 सितंबर। बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में सोमवार सुबह कर्मा-धर्मा पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तरैटा नारायणपुर वहियार इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से छह बच्चों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण वहियार के खेतों में बाढ़ का पानी जमा है। सोमवार सुबह विष्णु टोला और आसपास के कुछ बच्चे कर्मा-धर्मा पर्व के अवसर पर पारंपरिक स्नान के लिए वहां पहुंचे थे। स्नान के दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण वे डूबने लगे।

बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि मृत बच्चों की उम्र करीब 12 से 14 वर्ष के बीच थी। मृतकों में पूजा, ज्योति, मिंकी, राहुल, आयुष और विकास शामिल हैं। इनमें पांच बच्चे सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 27 स्थित विष्णु टोला के रहने वाले बताए गए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। आगे की वैधानिक प्रक्रिया भी की जा रही है।

कर्मा-धर्मा पूजा के अवसर पर हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गम में डुबो दिया है। जिन घरों में पर्व की तैयारियों और उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.