देहरादून। सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्राम पुरुकुल स्थित दीपक पुंडीर सामुदायिक भवन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की जांच कर उन्हें उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। कुल 287 लोगों ने शिविर में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में ईएनटी, नेत्र और अस्थि रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए दिव्यांग बोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। जनरल फिजिशियन के साथ आरबीएसके, आरकेएसके, डॉट्स, आयुष्मान कार्ड और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) की टीमों ने भी लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
उप जिला चिकित्सालय मसूरी की ओर से आयोजित शिविर में 65 लोगों की गैर-संचारी रोगों की जांच की गई। चार लाभार्थियों का टीकाकरण किया गया, जबकि किशोर स्वास्थ्य एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं के तहत 46 लोगों की स्वास्थ्य जांच और परामर्श हुआ।
शिविर में 14 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि तीन लाभार्थियों की आभा आईडी तैयार की गई। ईएनटी विशेषज्ञों ने आठ लोगों की नाक, कान और गले से संबंधित जांच की। 13 लोगों की नेत्र जांच और 11 लोगों की हड्डियों से संबंधित जांच की गई। वहीं फिजिशियन ने 45 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा 78 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई।
शिविर का मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा और उप जिलाधिकारी मसूरी राहुल आनंद ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमों से शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
स्वास्थ्य शिविर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। अपर चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, चिकित्सा अधीक्षक सहसपुर डॉ. मोहन डोगरा, चिकित्सा अधीक्षक मसूरी डॉ. खजान सिंह चौहान और प्रभारी चिकित्साधिकारी भगवंतपुर डॉ. सूरज भंडारी की देखरेख में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सेवाएं प्रदान कीं।