राजेंद्र नगर के पार्क को मिला नया रूप, 53.26 लाख से हुआ कायाकल्प

देहरादून। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के राजेंद्र नगर गली नंबर-4 स्थित नवनिर्मित पार्क का शनिवार को कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश के कृषि और सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने लोकार्पण किया। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से उद्यानीकरण योजना के तहत पार्क का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराया गया है। इसके लिए 53.26 लाख रुपये की लागत आई है।

लोकार्पण के बाद मंत्री गणेश जोशी ने पार्क का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि शहरों में बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं के साथ-साथ हरे-भरे और व्यवस्थित पार्कों का होना भी जरूरी है। ऐसे स्थान स्थानीय लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ बच्चों, बुजुर्गों और अन्य नागरिकों के लिए उपयोगी साबित होते हैं।

एमडीडीए की ओर से कराए गए जीर्णोद्धार के बाद पार्क को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। स्थानीय लोगों ने पार्क के कायाकल्प पर खुशी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से पार्क को बेहतर बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इसके विकसित होने से आसपास रहने वाले लोगों को सुविधाजनक और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थान मिल सकेगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने भी भाग लिया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, कंचन ठाकुर, राकेश जोशी, सोसाइटी अध्यक्ष डीपी सैनी, दीपक सकलानी, संदीप कुमार, अंकित जोशी, यशवीर चौहान, गुरपाल सिंह, संजय गुप्ता और डीडी अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। पार्क के लोकार्पण के साथ क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और कार्य पूरा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.