पाकिस्तान की मस्जिद में बड़ा आतंकी हमला, 21 की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान बड़ा आतंकी हमला हुआ। कोहाट में पुरानी पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुए विस्फोट और उसके बाद हुई गोलीबारी में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। मृतकों में 15 पुलिसकर्मी और मुख्य चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. इजराइल खान ओरकजई भी शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित कोहाट में हुई। बचाव अधिकारियों ने बताया कि हमले में मारे गए और घायल हुए अधिकांश लोग मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे पुलिसकर्मी थे। हमले की जिम्मेदारी ‘इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान’ नामक संगठन ने ली है। बताया जाता है कि यह संगठन हाफिज गुल बहादुर समूह, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी पाकिस्तान और लश्कर-ए-इस्लाम के गठबंधन से अप्रैल 2025 में बना था।

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार, विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने पुरानी पुलिस लाइन के गेट को टक्कर मारी, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ। इसके बाद हथियारबंद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। विशेष शाखा की इमारत में भी एक आत्मघाती विस्फोट हुआ। धमाके से मस्जिद के बाहर गड्ढा बन गया और इमारत का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के साथ एक दीवार भी ढह गई।

केंद्रीय पुलिस कार्यालय के अनुसार, सात हथियारबंद आतंकवादी पुलिस लाइन में दाखिल हुए थे। पुलिस और आतंकवाद रोधी विभाग के जवानों ने उनका मुकाबला किया। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई में अब तक छह आतंकवादी मारे गए हैं, जिनमें आत्मघाती हमलावर और स्नाइपर भी शामिल हैं।

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया और जिला मुख्यालय अस्पताल में आपात स्थिति घोषित की गई। कोहाट-हंगू मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा करते हुए अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.