8.64 करोड़ के जल सृष्टि पार्क में पुराने तालाब को मिला नया जीवन, आइलैंड-पेडल बोटिंग खास आकर्षण

देहरादून। मियांवाला में करीब 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत विकसित इस पार्क को स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।

पार्क की सबसे खास बात पुराने तालाब का संरक्षण है। निर्माण के दौरान तालाब को खत्म करने के बजाय उसका पुनर्जीवन किया गया। इसके बीच आइलैंड विकसित किया गया है और लोगों के मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क के विकसित होने से रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और जंगल का विशेष महत्व रहा है। पुराने तालाबों और जलस्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने का प्रयास नहीं, बल्कि प्राकृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रखने की पहल भी है।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे खड़े करना नहीं है। लोगों का जीवन आसान बनाने, शहर को सुंदर रखने और पर्यावरण संरक्षण के साथ सुविधाओं का विस्तार करना भी विकास का हिस्सा है।

धामी ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सीवर, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं। पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइनें बिछाने का काम भी जारी है। डिफेंस कॉलोनी, सिंयावाला और नेहरू कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि देहरादून की बढ़ती आबादी को देखते हुए सौंग डैम परियोजना पर भी काम आगे बढ़ रहा है। रायपुर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा और बरसाती नालों के चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों से पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक उपयोग करने तथा जलाशय और हरित क्षेत्र की देखभाल में सहयोग देने का आग्रह किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.