नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल में बुधवार अहले सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चिकसौरा थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में एक महिला ने कथित तौर पर अपने एक वर्षीय बेटे को पानी से भरे पईन में फेंक दिया। पानी में डूबने से मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी मां ललिता कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों का कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है।
मृतक बच्चा पटना जिले के धनरुआ थाना क्षेत्र के पसिया गांव निवासी रवि बिंद का एक वर्षीय पुत्र था। वह अपने माता-पिता के साथ फतेहपुर गांव में अपने चचेरे नाना के श्राद्धकर्म में शामिल होने आया था।
परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान बुधवार तड़के करीब तीन बजे ललिता कुमारी अपने बेटे को लेकर घर से बाहर निकल गई। वह गांव के बाहर नीरगाही खंधा स्थित पानी से भरे पईन के पास पहुंची और कथित तौर पर बच्चे को पानी में फेंक दिया।
कुछ समय बाद परिजनों को जब बच्चा घर में दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पईन में मासूम का शव मिला। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पूछताछ के दौरान महिला ने बच्चे को पईन में फेंकने की बात स्वीकार की।
चिकसौरा थाना पुलिस ने मामले में मृतक के पिता रवि बिंद के बयान पर आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। थानाध्यक्ष गौरव सिंधू ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और महिला की मानसिक स्थिति से जुड़े परिजनों के दावों की भी पड़ताल की जा रही है।