जूनियर एशिया कप में भारत का तूफान, चीनी ताइपे को 15-0 से रौंदा

मोकी (चीन)। गत चैंपियन भारत ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में अपने शानदार अभियान को जारी रखते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को पूल-ए के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने चीनी ताइपे को एकतरफा अंदाज में 15-0 से शिकस्त दी। कप्तान अनमोल एक्का इस बड़ी जीत के सबसे बड़े नायक रहे, जिन्होंने अकेले छह गोल दागे।

मुकाबले का पहला क्वार्टर भारत के लिए गोलरहित रहा। चीनी ताइपे की रक्षापंक्ति ने भारतीय हमलावरों को शुरुआती दौर में काफी देर तक रोके रखा। हालांकि, भारत ने गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए। क्वार्टर ब्रेक के दौरान मुख्य कोच फ्रेडरिक सोएज की सलाह के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामकता बढ़ाई और दूसरे क्वार्टर में गोलों की झड़ी लगा दी।

17वें मिनट में आर्यन एक्सेस ने भारत का खाता खोला। इसके तुरंत बाद प्रभदीप सिंह ने बढ़त दोगुनी कर दी। गुरसेवक सिंह ने 22वें मिनट में तीसरा गोल किया। फिर कप्तान अनमोल एक्का ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना पहला गोल किया। अर्जुन संतोष हरगुड़े ने 28वें मिनट में स्कोर 5-0 किया और अगले ही मिनट अनमोल ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया।

मध्यांतर तक भारत 6-0 से आगे था। तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। अनमोल ने लगातार मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए दो और गोल किए और अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद उन्होंने एक और गोल दागकर व्यक्तिगत स्कोर चार तक पहुंचाया। अजीत यादव ने 35वें मिनट में मैदानी गोल किया, जबकि 45वें मिनट में अनमोल ने अपना पांचवां गोल कर भारत को 10-0 की बढ़त दिलाई।

आखिरी क्वार्टर में हरपाल ने दो गोल किए। अनमोल ने 51वें मिनट में अपना छठा गोल पूरा किया, जबकि आर्यन एक्सेस ने भी दो गोल दागे। इस तरह भारत ने 15-0 की विशाल जीत दर्ज की।

भारत ने तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ 10 अंक हासिल कर पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा और सेमीफाइनल में पहुंचा। जापान, इंडोनेशिया और चीनी ताइपे की टीमें प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.