महिला एशिया कप में पाकिस्तानी बल्लेबाज पर गिरी गाज, मैच फीस का 10% जुर्माना

दुबई। पाकिस्तान की सलामी बल्लेबाज गुल फिरोजा को महिला टी20 एशिया कप में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताना भारी पड़ गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में फिरोजा पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।

यह मामला पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर का है। हांगकांग की बाएं हाथ की कलाई की स्पिन गेंदबाज कैरी चान की गेंद पर गुल फिरोजा ने स्वीप शॉट खेलने का प्रयास किया। हालांकि गेंद बल्ले से नहीं लगी और सीधे उनके पैड से जा टकराई। मैदानी अंपायर ने उन्हें पगबाधा (एल्बीडब्ल्यू) आउट करार दिया।

मुकाबले में निर्णय समीक्षा प्रणाली (डीआरएस) की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, ऐसे में फिरोजा को अंपायर के फैसले को स्वीकार करते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा। आईसीसी के अनुसार, मैदान छोड़ते समय उन्होंने अपने बल्ले की ओर इशारा किया, जिससे यह संकेत मिला कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई थी। अधिकारियों ने इसे अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के रूप में देखा।

आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के तहत अंपायर के फैसले से असहमति जताना उल्लंघन माना जाता है। पिछले 24 महीनों में यह फिरोजा का दूसरा अपराध है। नए डिमेरिट अंक के बाद इस अवधि में उनके कुल डिमेरिट अंक बढ़कर दो हो गए हैं।

महिला एशिया कप में अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करने वाली गुल फिरोजा दूसरी पाकिस्तानी खिलाड़ी हैं। इससे पहले कप्तान फातिमा सना पर भारत के खिलाफ मैच में शैफाली वर्मा को आउट करने के बाद विदाई का इशारा करने के मामले में मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और एक डिमेरिट अंक दिया गया था।

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने हांगकांग को 72 रन से हराकर ग्रुप-ए से सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब शुक्रवार को दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा। वहीं, पहला सेमीफाइनल गुरुवार को भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.