हल्द्वानी में कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास ऐसा कोई तथ्य या प्रमाण नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि यज्ञ किसी व्यक्ति के अपमान के उद्देश्य से कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना ठोस आधार के मामले को तूल देना समाज में भ्रम और विभाजन की स्थिति पैदा करने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री धामी रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में आयोजित भाजपा की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को संवेदनशील विषयों पर तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए, न कि ऐसे मुद्दों को हवा देना, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
कार्यसमिति की बैठक में भाजपा के संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और प्रदेश की राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल और प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नितिन नवीन के दौरे का यूथ कांग्रेस ने किया विरोध
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वहां भगवान हनुमान की वेशभूषा में मौजूद व्यक्ति द्वारा भाजपा का झंडा लहराने से धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। प्रदर्शनकारी संविधान की प्रति लेकर पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक, जिलाध्यक्ष सुमित कुमार समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस से मौके से हटाया। भाजपा कार्यसमिति की बैठक और कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते हल्द्वानी में दिनभर राजनीतिक माहौल गर्म रहा।