कर्नाटक मंत्री सतीश जारकीहोली के ठिकानों पर ED की रेड, कई जगह एक साथ छापेमारी

बेंगलुरु। कर्नाटक में आबकारी विभाग से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने लोक निर्माण विभाग मंत्री सतीश जारकीहोली से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है।

ईडी सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने बेलगावी स्थित सतीश जारकीहोली के आवास, गोकाक स्थित घर और बेंगलुरु की डॉलर्स कॉलोनी स्थित आवास के साथ-साथ उनके सरकारी आवास पर भी तलाशी ली। बताया गया है कि कई स्थानों पर एक साथ दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई आबकारी विभाग में कथित अनियमितताओं और अवैध तरीके से अर्जित धन के कथित हस्तांतरण से जुड़े मामले में की जा रही है। इससे पहले 24 जून को भी ईडी ने इसी मामले में आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त वाई. मंजूनाथ से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की थी। मंजूनाथ, सतीश जारकीहोली की बहन के पति हैं।

जून में हुई कार्रवाई के दौरान बेलगावी के हनुमान नगर स्थित आवास, बेंगलुरु के रेसकोर्स रोड स्थित फ्लैट समेत मैसूरु और हरपनहल्ली में भी तलाशी ली गई थी। उस समय जांच एजेंसी ने कुल छह स्थानों पर कार्रवाई की थी।

अब मंत्री सतीश जारकीहोली से जुड़े परिसरों पर हुई ताजा छापेमारी को उसी जांच की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, ईडी की ओर से तलाशी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ या जांच में अब तक क्या सामने आया है, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

ईडी की कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कर्नाटक में आबकारी विभाग से जुड़ी कथित अनियमितताओं का मामला पहले से चर्चा में है। जांच एजेंसी की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की जांच और संभावित कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.