ईरान पर यूएई का बड़ा एक्शन, व्यापार-लेनदेन पर लगाई रोक; ट्रंप के तेवर भी सख्त

अबूधाबी/वाशिंगटन। ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने बड़ा कदम उठाते हुए उसके साथ सभी तरह के व्यापार, वाणिज्यिक गतिविधियों और वित्तीय लेनदेन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यूएई सरकार ने कहा कि यह फैसला क्षेत्र में बढ़ती अस्थिरता और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए बढ़ते खतरे को देखते हुए लिया गया है। प्रतिबंध अगली सूचना तक लागू रहेंगे।

यूएई विदेश मंत्रालय के रणनीतिक संचार विभाग की निदेशक अफरा अल हमेली ने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यूएई क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए बातचीत, सहयोग और क्षेत्रीय एकीकरण के प्रति प्रतिबद्ध है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, यूएई के रक्षा तंत्र ने ईरान की ओर से छोड़ी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों का पता लगाया। प्रारंभिक जांच में इनके समुद्री नौवहन को निशाना बनाने की बात सामने आई। इनमें से एक मिसाइल यूएई की समुद्री सीमा के बाहर समुद्र में गिरी, जबकि दूसरी देश की समुद्री सीमा में गिरी। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, घटना से किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।

मंत्रालय ने कहा कि देश हाई अलर्ट पर है और यूएई की सुरक्षा या समुद्री नौवहन को निशाना बनाने वाले किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से मिली जानकारी को ही सही मानें।

ट्रंप के तेवर भी सख्त

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। ट्रंप ने कहा कि फिलहाल ईरान के साथ कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमित समुद्री यातायात और एक जहाज पर हमले की सूचना के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य खुला और चालू है।

ईरान ने जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर अपनी शर्तें दोहराई हैं। वहीं, कतर के विदेश मंत्रालय के अनुसार, व्यापक अमेरिका-ईरान वार्ता दोबारा शुरू होने से पहले मध्यस्थता के तहत होर्मुज को लेकर ईरान और ओमान के बीच किसी संभावित समझौते का इंतजार किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.