देहरादून। अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र छात्राओं को जल्द आर्थिक सहायता मिल सकेगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार को योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी पात्र आवेदनों का सत्यापन अगले 10 दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में योजना के तहत छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रभारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भगवती प्रसाद त्रिवेदी ने बताया कि योजना के लिए कुल 416 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रारंभिक जांच में इनमें से 28 आवेदन अपात्र पाए गए हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष आवेदनों की गहनता से जांच और दस्तावेजों का सत्यापन निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। सभी पात्र आवेदनों को अंतिम स्वीकृति के लिए प्रस्तुत किया जाए, ताकि छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का लाभ समय पर मिल सके।
योजना के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में निर्धारित अंकों के साथ उत्तीर्ण होने वाली अल्पसंख्यक समुदाय की पात्र बालिकाओं को आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाता है। कक्षा 10वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 10 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये तथा 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने पर 20 हजार रुपये दिए जाते हैं।
इसी तरह कक्षा 12वीं की मेधावी छात्राओं के लिए प्रोत्साहन राशि का निर्धारण किया गया है। 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 15 हजार रुपये, 70 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर 20 हजार रुपये और 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने पर अधिकतम 25 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना, उनकी प्रतिभा को सम्मान देना और आर्थिक सहयोग के माध्यम से आगे की पढ़ाई के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।

