After Header-1

36 नायब तहसीलदारों को मिली सरकारी नौकरी, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने विशेष प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि बेटियों की यह सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य युवतियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी पद पर सफलता हासिल करने के पीछे वर्षों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प होता है। नवनियुक्त अधिकारियों की इस उपलब्धि में उनके माता-पिता और गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के साथ ही सभी अधिकारियों के कंधों पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। उनके कार्यों से आम जनता को समय पर न्याय और राहत मिलनी चाहिए। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उनका सीधा जुड़ाव आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से रहता है। ऐसे में अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ करना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से नामांतरण, भूमि पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में छोटी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।

उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय संबंधित परिवार की परिस्थितियों और जरूरतों को भी समझना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करते हुए जनता का विश्वास हासिल करेंगे तथा प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक जनहितकारी बनाएंगे।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.