After Header-1

खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में बड़ी बढ़ोतरी, अब 50 खेलों में दिखेगा दमखम

देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार करने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं में शामिल खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है। प्रदेश के पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 रुपये और तृतीय 150 से 200 रुपये किया गया है। विधानसभा स्तर पर तीनों पुरस्कारों की राशि क्रमशः 500, 400 और 300 रुपये से बढ़ाकर 700, 500 और 400 रुपये कर दी गई है।

इसी तरह संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम पुरस्कार अब 1000, द्वितीय 800 और तृतीय 600 रुपये मिलेगा। पहले यह राशि क्रमशः 800, 600 और 400 रुपये थी। राज्य स्तर पर भी पुरस्कार राशि में वृद्धि की गई है। अब प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2000, द्वितीय को 1500 और तृतीय स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को 1000 रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाली मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की मंजूरी दी है। खेलों की संख्या बढ़ने के साथ आयोजन के लिए निर्धारित बजट में भी आवश्यक वृद्धि की जाएगी।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे। इससे गांवों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों के समान मानदेय देने के संबंध में समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने को मंजूरी दी है।

आमवाला स्थित युवा केंद्र के समीप खाली भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल और सैन्य भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.