देहरादून। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा तैयार कर ली है। प्रदेश में खेल महाकुंभ का आयोजन 1 सितंबर से 30 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न चरणों में किया जाएगा।
इस बार प्रतियोगिताएं न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर आयोजित होंगी। सबसे पहले 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
इसी क्रम में 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के मुकाबले होंगे। वहीं राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी की प्रतियोगिताएं 10 सितंबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित की जाएंगी।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। इस चरण में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को शुरुआती स्तर पर ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें कुछ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों का चयन न्याय पंचायत स्तर पर उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर भी खिलाड़ियों के लिए कई रोमांचक मुकाबले प्रस्तावित हैं। इनमें मलखंब, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबॉल और बैडमिंटन शामिल हैं। कुछ प्रतियोगिताओं में सीधे प्रतिभागिता होगी, जबकि अन्य में खिलाड़ियों का चयन विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
विभाग की ओर से प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। खेल महाकुंभ का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। विभिन्न स्तरों पर होने वाली प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।