तीसरी शादी पर अनुराग कश्यप का बड़ा खुलासा, बोले- रिश्ता नहीं खोना चाहता

मुंबई। फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने अपनी निजी जिंदगी और गर्लफ्रेंड शुभ्रा शेट्टी के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में एक इंटरव्यू में उनसे तीसरी बार शादी करने को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर अनुराग ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता शादी नहीं, बल्कि अपने मौजूदा रिश्ते को मजबूत बनाए रखना है।

अनुराग ने कहा कि वह शुभ्रा के साथ बेहद खुश हैं और उनके साथ रहना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस रिश्ते को बनाए रखने के लिए जो भी जरूरी होगा, वह करने को तैयार हैं। फिल्ममेकर के मुताबिक उम्र और अनुभव के साथ जिंदगी को देखने का उनका नजरिया काफी बदला है। अब उनके लिए रिश्ते और साथ बिताया गया समय ज्यादा मायने रखता है।

अनुराग ने अपने रिश्ते में आए उतार-चढ़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने माना कि दोनों के बीच उम्र का अंतर है और इस वजह से कई बार परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण भी रही हैं। उन्होंने कहा कि समय के साथ वह अपने रिश्ते और अपनी भावनाओं को लेकर पहले से ज्यादा सजग हुए हैं। उनके मुताबिक, उम्र बढ़ने के साथ इंसान की प्राथमिकताएं और असुरक्षाएं भी बदलती हैं।

शुभ्रा शेट्टी ने भी अनुराग के साथ अपने रिश्ते को लेकर अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि अनुराग ने हमेशा उन्हें स्वतंत्र रूप से जीने और खुद को समझने के लिए प्रेरित किया। वह नहीं चाहते थे कि शुभ्रा की पहचान केवल उनके रिश्ते से बने। शुभ्रा के अनुसार, अनुराग उन्हें अपने जीवन और फैसलों को खुद समझने की आजादी देते रहे हैं।

शुभ्रा ने कहा कि जब वह 20 के दशक में थीं, तब वह खुद को समझने के दौर से गुजर रही थीं। वहीं अनुराग जीवन के कई अनुभवों से गुजर चुके थे और रिश्तों को लेकर उनका नजरिया अधिक स्पष्ट था। इसलिए वह चाहते थे कि शुभ्रा अपने अनुभव हासिल करें और अपनी पहचान खुद बनाएं।

गौरतलब है कि अनुराग कश्यप की इससे पहले दो शादियां हो चुकी हैं। उन्होंने 1997 में फिल्म एडिटर आरती बजाज से शादी की थी। दोनों की एक बेटी आलिया है और 2009 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद अनुराग ने 2011 में अभिनेत्री कल्कि कोचलिन से शादी की थी। दोनों ने फिल्म ‘देव डी’ में साथ काम किया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.