After Header-1

निर्माणाधीन पुलिया बनी हादसे की वजह, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत

रुड़की। कोर कॉलेज मार्ग पर रहमतपुर में टाटा मोटर्स के पास बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुलिया से बाइक टकराने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई।

पुलिस के अनुसार, लंढौरा निवासी अज्जू और आकाश देर रात बाइक से रहमतपुर की ओर से कोर कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान टाटा मोटर्स के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में अज्जू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुलिया के आसपास न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा संकेतक मौजूद हैं। रात के समय पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से वाहन चालकों को निर्माण स्थल का पता नहीं चल पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

सूचना मिलने पर रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेज सुल्तान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य करा रहे जिम्मेदारों से मौके पर उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.