नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में भारतीय रेलवे का पवेलियन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। ‘भारतीय रेल : देश के विकास का पहिया’ और ‘विकास भी, विरासत भी’ थीम पर तैयार इस पवेलियन में रेलवे की ऐतिहासिक विरासत, आधुनिक उपलब्धियों और भविष्य की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। बुलेट ट्रेन, हाइड्रोजन ट्रेन, वंदे भारत स्लीपर और चिनाब रेल पुल के मॉडल लोगों को खासा आकर्षित कर रहे हैं।
दिल्ली के भारत मंडपम में 14 से 27 नवंबर तक आयोजित मेले के हॉल नंबर-5 में स्थित रेलवे पवेलियन में सुबह से ही दर्शकों की भीड़ जुट रही है। इसका प्रवेश द्वार राजस्थान के जैसलमेर अमृत भारत स्टेशन की स्थापत्य शैली से प्रेरित है। यहां होलोग्राम और विशाल थ्री-डी स्क्रीन के माध्यम से आधुनिक रेल सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।
पवेलियन के इंजीनियरिंग खंड में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना का मॉडल विशेष आकर्षण है। 508 किलोमीटर लंबे इस हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं। प्रदर्शनी में दी गई जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 तक परियोजना में 459 किलोमीटर पायर वर्क, 375 किलोमीटर वायाडक्ट और 107 किलोमीटर ट्रैक लिंकिंग का काम पूरा हो चुका है।
स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में रेलवे की पहल को दर्शाने के लिए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का मॉडल भी प्रदर्शित किया गया है। 10 कोच वाली इस ट्रेन की यात्री क्षमता 2,600 और पावर 2,400 किलोवाट बताई गई है। हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से चलने वाली यह ट्रेन बिजली उत्पादन के दौरान पानी की भाप उत्सर्जित करती है।
इसके अलावा वंदे भारत स्लीपर, नमो भारत रैपिड रेल और अमृत भारत एक्सप्रेस की सुविधाओं से भी दर्शकों को परिचित कराया जा रहा है। रेलवे के लगभग 99.8 प्रतिशत ब्रॉड गेज नेटवर्क के विद्युतीकरण की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है। वहीं, 2,843 किलोमीटर लंबे ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से माल परिवहन में हो रहे बदलाव को दर्शाया गया है।
स्टेशन पुनर्विकास के तहत अमृत भारत स्टेशन योजना और देशभर के 1,300 से अधिक स्टेशनों को आधुनिक बनाने की पहल भी प्रदर्शनी का हिस्सा है। इंजीनियरिंग उपलब्धियों में चिनाब रेल पुल, अंजी खड्ड पुल, नया पंबन पुल और मोकामा का नया रेल पुल शामिल हैं। पूर्वोत्तर में बइरबी-सायरंग रेल लाइन के माध्यम से मिजोरम के रेल नेटवर्क से जुड़ने की उपलब्धि भी दिखाई गई है।
पवेलियन का यूथ जोन बच्चों और युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय है। यहां वर्चुअल रियलिटी (वीआर) हेडसेट के जरिए कालका-शिमला रेल मार्ग की पहाड़ी वादियों में सफर का अनुभव कराया जा रहा है। सेंसर आधारित गेमिंग, क्विज और डिजिटल गतिविधियों के माध्यम से भी रेलवे की तकनीक और उपलब्धियों की जानकारी दी जा रही है।
इसके साथ ही स्पोर्ट्स जोन में भारतीय रेलवे के उन खिलाड़ियों की उपलब्धियों और पदकों को प्रदर्शित किया गया है, जिन्होंने ओलंपिक, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व किया है।

