After Header-1

नक्सलियों के गुप्त ठिकाने से मिला ड्रोन, जंगलों में ऐसे रखते थे सुरक्षाबलों पर नजर

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के दो अलग-अलग ठिकानों से बड़ी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। पामेड़ थाना क्षेत्र के कोरागुट्टा और आवापल्ली थाना क्षेत्र के पेद्दापुन्नुर जंगल में मिले इन डंप से ड्रोन, वायरलेस सेट, लैपटॉप और अन्य तकनीकी उपकरण मिले हैं। बरामदगी से नक्सलियों के संचार और निगरानी तंत्र का खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, कोरागुट्टा स्थित नक्सली डंप से 14 वीएचएफ और एक यूएचएफ वायरलेस सेट, डीजीआई माविक-2 एंटरप्राइज ड्रोन तथा लैपटॉप बरामद किया गया। इसके अलावा एंटीना, बैटरियां, पीसीबी बॉक्स और सोल्डरिंग उपकरण भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक सर्किट और संचार उपकरणों के निर्माण तथा मरम्मत में किया जा सकता था।

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, ड्रोन में लगे कैमरे के माध्यम से नक्सली ऊंचाई से जंगलों, रास्तों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रख सकते थे। इससे उन्हें दुर्गम इलाकों में बिना जमीन पर मौजूद हुए निगरानी करने में मदद मिलती थी। वहीं, वीएचएफ और यूएचएफ वायरलेस सेट के जरिए मोबाइल नेटवर्क से दूर जंगलों में मौजूद नक्सली दस्ते आपस में संपर्क बनाए रखते थे।

दूसरी ओर, आवापल्ली थाना क्षेत्र के पेद्दापुन्नुर जंगल में मिले डंप से दो भरमार बंदूकें, एके-47, एसएलआर और इंसास राइफल के जिंदा कारतूस तथा टिफिन बम बरामद किए गए हैं।

बस्तर रेंज के आईजी बद्रीनारायण मीणा ने बरामदगी की पुष्टि करते हुए बताया कि ड्रोन और वायरलेस सेट नक्सलियों के संचार एवं निगरानी तंत्र का हिस्सा थे। इनका इस्तेमाल सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखने और हमलों के दौरान किया जाता था।

उन्होंने बताया कि नक्सल हिंसा से मुक्त क्षेत्रों में चलाए जा रहे डिमाइनिंग अभियान के दौरान लगातार हथियार, विस्फोटक और तकनीकी उपकरण मिल रहे हैं। आईजी ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध नक्सली डंप या सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.