मुंबई। टेलीविजन के सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के नए सीजन को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म हो गया है। शो के होस्ट सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ का आधिकारिक प्रोमो जारी करते हुए इसकी स्ट्रीमिंग डेट का ऐलान कर दिया है। नया सीजन 6 सितंबर 2026 से जियोहॉटस्टार पर दर्शकों के बीच आएगा। तारीख सामने आते ही सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जारी प्रोमो में सलमान खान एक घोड़े के साथ अपने खास अंदाज में नजर आ रहे हैं। प्रोमो में वह कहते हैं, “जो ‘करण-अर्जुन’ में हुआ था, वो अब बिग बॉस में दोबारा होगा। तथास्तु।” सलमान के इस संवाद ने नए सीजन की थीम को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
दरअसल, ‘करण-अर्जुन’ फिल्म की कहानी पुनर्जन्म और पुराने किरदारों की वापसी के इर्द-गिर्द घूमती थी। ऐसे में सलमान के प्रोमो में इस फिल्म का जिक्र होने के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि ‘बिग बॉस 20’ में भी पुराने प्रतियोगियों की वापसी हो सकती है।
प्रोमो के साथ मेकर्स ने ‘एक से भले दो’ कैप्शन भी जारी किया है। इस लाइन को लेकर भी फैंस अलग-अलग अनुमान लगा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार शो में कुछ ऐसे चेहरे नजर आ सकते हैं, जो पहले भी बिग बॉस के घर का हिस्सा रह चुके हैं।
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर भी पुराने प्रतियोगियों की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक नए सीजन के कंटेस्टेंट्स की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि किन पुराने चेहरों को दोबारा शो में मौका मिलेगा।
सलमान खान के प्रोमो ने फिलहाल इतना जरूर साफ कर दिया है कि ‘बिग बॉस 20’ इस बार भी दर्शकों के लिए नए ट्विस्ट और सस्पेंस लेकर आने वाला है। अब फैंस की नजर कंटेस्टेंट्स की घोषणा और शो के अगले प्रोमो पर टिकी है।