स्कूल-कॉलेजों में बदलेंगे प्रार्थना के 20 मिनट, धन सिंह रावत ने बताया बड़ा अभियान

देहरादून। दादी प्रकाशमणि की स्मृति में ब्रह्माकुमारीज की ओर से राष्ट्रव्यापी 10 करोड़ नशामुक्त प्रतिज्ञा महाअभियान की शुरुआत की गई। देहरादून केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईश्वरीय संदेश, राजयोग और नैतिक मूल्यों के माध्यम से अभियान निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने में सफल होगा।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 6 से 20 अगस्त तक 10 करोड़ युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य ऐतिहासिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रार्थना के दौरान 20 मिनट ब्रह्माकुमारीज की गतिविधियों के लिए निर्धारित किए जा रहे हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने के साथ संस्कार और सद्गुणों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पौड़ी गढ़वाल में ब्रह्माकुमारीज के सहयोग से करीब 10 लाख लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई जा चुकी है। वहीं पूरे उत्तराखंड में अब तक लगभग 30 लाख लोग नशामुक्ति का संकल्प ले चुके हैं।

पद्मश्री पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई बेहद बड़ी चुनौती है। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि संस्कार और संस्कृति से दूरी भी इसके प्रमुख कारणों में शामिल है। उन्होंने नशे को फैशन बनने से रोकने और चरित्र निर्माण पर जोर दिया।

हरिद्वार केंद्र की प्रभारी बीके मीना दीदी ने नशामुक्त भारत के लिए आत्मपरिवर्तन और दृढ़ संकल्प को जरूरी बताया। उन्होंने लोगों से तामसिक वस्तुओं से दूरी बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में बीके मंजू दीदी, बीके मीना दीदी, डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, संत सियाराम दास महाराज, डॉ. श्रीगोपाल नारसन और समाजसेवी अमरीश त्यागी समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया और पोस्टर जारी किया।

बीके मंजू दीदी ने अभियान को स्वस्थ और नशामुक्त भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने भी प्रयासों की सराहना करते हुए फास्ट फूड और तामसिक भोजन से बचने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और ब्रह्माकुमारीज के अनुयायी मौजूद रहे। बालिका आराध्या ने नशामुक्ति पर गीत प्रस्तुत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.