उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने सोमवार, 20 जुलाई को आयोजित होने वाला जन समाधान दिवस स्थगित कर दिया है। प्रशासन ने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि प्रत्येक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित होने वाला जन समाधान दिवस 20 जुलाई को नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा 19 जुलाई को जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान जिले के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनजर देहरादून के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि मौजूदा मौसम की परिस्थितियों और संभावित आपदा जोखिम को ध्यान में रखते हुए जन समाधान दिवस को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल अत्यावश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें। साथ ही भारतीय मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। लोगों को नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और राहत-बचाव व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील भी की है।