उत्तराखंड में भारी बारिश पर हाई अलर्ट, CM धामी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी भारी वर्षा, भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने या अन्य प्राकृतिक आपदा जैसी स्थिति उत्पन्न हो, वहां जिला प्रशासन बिना देरी राहत एवं बचाव कार्य शुरू करे। उन्होंने कहा कि राज्य की आपदा प्रबंधन टीम, एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य संबंधित विभाग पूरी तरह तैयार रहें ताकि प्रभावित लोगों को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं की बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख राष्ट्रीय और राज्य मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा मार्ग बाधित होने की स्थिति में उन्हें जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों और उत्तराखंड आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग भारतीय मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें। खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, पहाड़ी ढलानों तथा उफनते नदी-नालों के आसपास जाने से परहेज करें। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या असुविधा होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन से संपर्क करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे तथा लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.