रेड अलर्ट का बड़ा असर, देहरादून और टिहरी में 20 जुलाई को सभी स्कूल बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए 20 जुलाई, 2026 को देहरादून और टिहरी गढ़वाल जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी रेड अलर्ट के बाद यह फैसला विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नितिका खण्डेलवाल द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय और जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र सोमवार को पूरी तरह बंद रहेंगे। इसी प्रकार देहरादून जिला प्रशासन ने भी रेड अलर्ट के मद्देनजर सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और संबंधित अधिकारी आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। आदेश में यह भी कहा गया है कि यदि कोई विद्यालय प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी कर शिक्षण कार्य संचालित करता है और इसके कारण कोई अप्रिय घटना घटती है, तो संबंधित प्रधानाचार्य या प्रबंधक के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की आशंका जताई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। अनावश्यक यात्रा से बचें तथा वर्षा के दौरान नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों के आसपास जाने से परहेज करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.