सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत रविवार को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 25 वाहन चालकों का चालान किया गया, जबकि नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए एक बाइक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज कर दिया गया।
रविवार को यातायात पुलिस और कोतवाली उत्तरकाशी की संयुक्त टीम ने जिला मुख्यालय, ज्ञानसू, गैस गोदाम, सब्जी मंडी, सिंगोटी सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने ओवरस्पीड, बिना हेलमेट वाहन चलाने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, ड्रिंक एंड ड्राइव, रेस ड्राइविंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे एक मोटरसाइकिल चालक को मौके पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसका वाहन भी सीज कर दिया और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है। इसके तहत वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित चेकिंग अभियान भी लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उत्तरकाशी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा शराब पीकर वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।