हरेला पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने लगाया शहतूत का पौधा, लोगों से की खास अपील

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने फलदार, छायादार और शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाते हुए प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

हरेला पर्व के तहत कृषि मंत्री ने सबसे पहले प्रेमनगर स्थित रेशम निदेशालय में शहतूत सहित कई उपयोगी फलदार पौधों का रोपण किया। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत सिनौला में वरिष्ठ कार्यकर्ता विक्रम बोहरा के आवासीय परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पौधारोपण अभियान में भाग लिया।

इस अवसर पर गणेश जोशी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति के प्रति श्रद्धा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरेला हरियाली, नई ऋतु, कृषि, पशुपालन, समृद्धि और प्राकृतिक संतुलन का संदेश देने वाला लोकपर्व है।

कृषि मंत्री ने कहा कि लोक मान्यता के अनुसार जितना समृद्ध हरेला होगा, किसानों की फसल भी उतनी ही अच्छी होगी। उन्होंने बताया कि श्रावण मास में हरेला पूजन के बाद पौधारोपण करने की परंपरा सदियों से उत्तराखंड की संस्कृति का हिस्सा रही है। उन्होंने शास्त्रों में वर्णित उक्ति ‘एक वृक्ष लगाना दस पुत्रों के समान है’ का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेशभर में सरकारी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और आम नागरिकों की सहभागिता से व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है।

गणेश जोशी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।

इस अवसर पर दायित्वधारी ज्योति कोटिया, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग, संध्या थापा, अनुराग सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, रेशम निदेशक प्रदीप सिंह, बागवानी मिशन निदेशक महेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.