हरेला पर उत्तराखंड में बड़ा अभियान, 40 वन प्रभागों में लाखों पौधे रोपे गए

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया गया। “हर गाँव का यही पैगाम – एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत देहरादून के मालदेवता में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, टिहरी गढ़वाल लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह और रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ भी मौजूद रहे। इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने मौलश्री, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह ने महोगनी और विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कदम्ब का पौधा रोपित किया।

सुबोध उनियाल ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए पौधे वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करें। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।

मंत्री ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर प्रदेशभर में 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि पूरे वर्ष के लिए 2 करोड़ पौधारोपण का संकल्प लिया गया है। सरकार का उद्देश्य केवल वृक्षारोपण करना नहीं, बल्कि हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए इसे जनआंदोलन का रूप देना है।

वन विभाग के अनुसार इस अभियान के तहत पूरे प्रदेश के 40 वन प्रभागों के 3,791 स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। इससे राज्य के हरित क्षेत्र का विस्तार होगा, जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने इस अभियान में भाग लेकर हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.