देहरादून। चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा एक बार फिर शुरू होने जा रही है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूसीएडीए) ने 15 सितंबर से हेली सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए पहली टिकट बुकिंग विंडो 7 सितंबर से खोली जाएगी।
यूसीएडीए ने टिकटों की कालाबाजारी और अनधिकृत बुकिंग पर रोक लगाने के लिए इस बार टिकट उपलब्ध कराने की व्यवस्था चरणबद्ध रखने का फैसला किया है। दूसरे चरण में 15-15 दिन की अवधि के लिए हेली टिकटों की बुकिंग विंडो खोली जाएगी। प्राधिकरण ने हेली ऑपरेटरों के साथ बैठक कर संचालन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की है। साथ ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और मौसम विभाग के साथ भी समन्वय किया जा रहा है।
प्राधिकरण के अनुसार, हेली सेवा का संचालन मौसम की स्थिति, यात्रियों की सुरक्षा और डीजीसीए के निर्धारित मानकों एवं अनुमति के आधार पर किया जाएगा। मौसम खराब होने या सुरक्षा से जुड़ी परिस्थितियां प्रतिकूल होने पर सेवा प्रभावित हो सकती है।
यूसीएडीए ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे हेली सेवा के टिकट केवल अधिकृत ऑनलाइन माध्यम से ही बुक करें। केदारनाथ शटल सेवा के लिए अधिकृत वेबसाइट का इस्तेमाल करने और किसी भी अनधिकृत एजेंट या बिचौलिए के झांसे में नहीं आने को कहा गया है। प्राधिकरण ने यात्रियों को फर्जी टिकट और अतिरिक्त शुल्क वसूली से सावधान रहने की भी सलाह दी है।
चारधाम यात्रा के पहले चरण में केदारनाथ धाम के लिए गुप्तकाशी, फाटा और सिरसी स्थित हेलीपैड से आठ हेली ऑपरेटरों ने सेवाएं संचालित की थीं। इस दौरान करीब 67 हजार श्रद्धालुओं ने हेली सेवा का लाभ उठाया था।
अब दूसरे चरण की सेवा शुरू होने से उन श्रद्धालुओं को राहत मिलने की उम्मीद है, जो सड़क मार्ग की लंबी यात्रा से बचते हुए हवाई सेवा के जरिए केदारनाथ धाम पहुंचना चाहते हैं। हालांकि, हेली सेवा की उपलब्धता मौसम और सुरक्षा मानकों पर निर्भर करेगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट बुक करने से पहले अधिकृत माध्यम और यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर जांच लें।