हरेला पर मंत्री रेखा आर्य का बड़ा संदेश, हर व्यक्ति से की खास अपील

उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर पिथौरागढ़ में कुमाऊं रेजीमेंट की 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) की ओर से वरदानी पार्क में विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य शामिल हुईं। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत में हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संरक्षण करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण छोड़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी की जाए।

वरदानी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के बाद मंत्री रेखा आर्य सहित सभी अतिथियों ने पर्यावरण पार्क पहुंचकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने हरित उत्तराखंड के निर्माण, जैव विविधता के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) गणेश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह, 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) के कर्नल गौरव नेगी, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, सैन्य अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.