उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की दिशा में प्रगति को लेकर गुरुवार को राजभवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से नीति आयोग के सदस्य डॉ. एम. श्रीनिवास ने लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र, आयुष प्रणाली और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में डॉ. एम. श्रीनिवास ने उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य संबंधी सूचकांकों में निरंतर सुधार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करना आवश्यक है। इसके साथ ही दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ाने, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं तथा ट्रॉमा केयर नेटवर्क को और सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
डॉ. श्रीनिवास ने आयुष क्षेत्र के विकास और सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समन्वित प्रयासों पर भी बल दिया। उनका मानना है कि आधुनिक चिकित्सा प्रणाली के साथ आयुष पद्धतियों को बढ़ावा देकर लोगों को बेहतर और समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और आयुष क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनकल्याण से जुड़े सभी लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रभावी योजनाओं और समन्वित प्रयासों को आगे भी गति दी जाएगी।
राज्यपाल ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के विकास में नीति आयोग का सहयोग हमेशा सकारात्मक रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी राज्य की जरूरतों और विकास प्राथमिकताओं के अनुरूप नीति आयोग का मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहेगा, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सेवाओं के क्षेत्र में राज्य नई उपलब्धियां हासिल कर सके।