अब सस्ता होगा हवाई सफर! इंडिगो ने यात्रियों के लिए शुरू किया नया प्लान

नई दिल्ली: कम सामान के साथ यात्रा करने वाले हवाई यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। देश की सबसे बड़ी घरेलू एयरलाइन इंडिगो ने ‘इंडिगो लाइट’ नाम से नया और किफायती किराया (फेयर) लॉन्च किया है। यह विकल्प उन यात्रियों के लिए तैयार किया गया है, जो केवल 7 किलोग्राम तक का केबिन बैग लेकर सफर करते हैं और चेक-इन बैगेज की जरूरत नहीं होती।

कंपनी के अनुसार, इस नए किराये की बुकिंग 1 जुलाई से इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर शुरू हो गई है, जबकि इस श्रेणी में यात्रा 15 जुलाई 2026 से उपलब्ध होगी। यह सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार की उड़ानों पर लागू रहेगी।

इंडिगो लाइट के तहत यात्रियों को सामान्य इकोनॉमी टिकट की तुलना में कम बेस किराया देना होगा। इसके साथ उन्हें बिना अतिरिक्त शुल्क के एयरलाइन की ओर से ऑटो-असाइंड सीट मिलेगी और 7 किलोग्राम तक का केबिन बैग ले जाने की अनुमति होगी। हालांकि, इस श्रेणी में चेक-इन बैगेज शामिल नहीं होगा, जिससे केवल हल्का सामान लेकर यात्रा करने वालों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

इंडिगो के चीफ स्ट्रैटेजी ऑफिसर आलोक सिंह ने कहा कि आज के समय में कई यात्री केवल आवश्यक सामान के साथ यात्रा करना पसंद करते हैं। ऐसे ग्राहकों को उन्हीं सेवाओं का भुगतान करना चाहिए, जिनका वे वास्तव में उपयोग करते हैं। इंडिगो लाइट इसी सोच के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि यात्रा अधिक किफायती और सुविधाजनक बन सके।

हवाई यात्रा के क्षेत्र में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच अन्य एयरलाइंस भी इसी तरह के विकल्प पेश कर रही हैं। हाल ही में एयर इंडिया ने बिना मुफ्त भोजन वाली बेसिक इकोनॉमी श्रेणी शुरू की है, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस पहले से ही अपने सीधे बुकिंग प्लेटफॉर्म पर केवल केबिन बैग वाले यात्रियों के लिए विशेष किराया उपलब्ध करा रही है।

इस बीच यात्रियों के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि सरकार ने एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में प्रति लीटर 5 रुपये की कटौती की है। ईंधन की लागत घटने से एयरलाइंस पर परिचालन खर्च कम होगा, जिससे आने वाले समय में हवाई टिकटों की कीमतों पर भी सकारात्मक असर देखने को मिल सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.