रोजगार की मांग लेकर मंत्री धन सिंह रावत से मिले शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक, मिला बड़ा आश्वासन

देहरादून। उत्तराखंड शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक बेरोजगार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। पूज्य स्वामी रसिक महाराज के सानिध्य में हुई इस भेंट के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और योग्य प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षा अभ्यर्थी वर्षों से सरकारी भर्ती का इंतजार कर रहे हैं। समय पर भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर योग्य युवाओं को रोजगार का अवसर दिया जाए।

इस अवसर पर स्वामी रसिक महाराज ने भी बेरोजगार प्रशिक्षकों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि राज्य के प्रतिभाशाली और योग्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुरूप अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे लंबे समय से रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं को राहत मिल सके।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार नियमानुसार पूरे मामले का परीक्षण करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक एवं आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जो भी निर्णय नियमों के अनुरूप संभव होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ठोस निर्णय लेकर शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों के हित में प्रभावी कदम उठाएगी। इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडे, सुमन सिंह नेगी, भुवनेश विष्ट, नवनीत चौहान सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार के सकारात्मक रुख से बेरोजगार युवाओं में नई उम्मीद जगी है और वे जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की अपेक्षा कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.