कोलकाता के होटल में आधी रात आग, 9 लोगों की दर्दनाक मौत

कोलकाता। कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट इलाके में मंगलवार देर रात एक होटल में भीषण आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल के कई हिस्से धुएं से भर गए। दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश हो गए, जिन्हें राहत और बचाव दल ने बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात करीब दो बजे से कुछ पहले होटल की तीसरी मंजिल पर अचानक आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कमरों में घना धुआं भर गया। होटल में ठहरे लोगों में दहशत फैल गई। कई लोग जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन धुएं और आग के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दमकल विभाग को रात 2 बजकर 7 मिनट पर आग की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। न्यू मार्केट थाने की पुलिस के साथ आपदा प्रबंधन दल भी राहत एवं बचाव अभियान में जुट गया। होटल संकरी गली में स्थित होने के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल के अंदर तक पहुंचाने में मुश्किल हुई। ऐसे में शुरुआती दौर में दमकलकर्मियों ने बाहर से आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में टीम होटल के भीतर पहुंची और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।

दमकल विभाग के शुरुआती अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी जांच करेगी।

कोलकाता का यह हादसा बीरभूम के तारापीठ में सोमवार तड़के हुए होटल अग्निकांड की याद दिलाता है। वहां भी नौ लोगों की मौत हुई थी। वहीं, करीब एक साल पहले मध्य कोलकाता के मेचुआ फलपट्टी इलाके में हुए होटल अग्निकांड में 14 लोगों की जान चली गई थी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.