देहरादून। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस को उसके शासनकाल की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस नेताओं को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उत्तराखंड में कांग्रेस शासन के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था और प्रदेश के संसाधनों के दुरुपयोग तथा सरकारी व्यवस्थाओं में अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे।
उनियाल ने आरोप लगाया कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के हितों की रक्षा करने के बजाय भ्रष्टाचार के मामलों पर चुप्पी साधे रखी। उस समय सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठते रहे। उन्होंने कहा कि आज वही कांग्रेस नेता भाजपा सरकार के सुशासन और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार का सबसे अधिक असर प्रदेश के युवाओं पर पड़ा। सरकारी भर्तियों में योग्यता और मेहनत के बजाय पैसे के प्रभाव को लेकर गंभीर आरोप सामने आते रहे। इससे भर्ती प्रक्रियाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई और मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े हुए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि उनके शासनकाल में युवाओं के भविष्य और भर्ती प्रक्रियाओं की पारदर्शिता को लेकर चिंता क्यों नहीं दिखाई गई। उनियाल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा सरकार पर आरोप लगाने के बजाय पहले अपने कार्यकाल का जवाब जनता को देना चाहिए।

