पुणे मर्डर केस में नया मोड़, सिया के भाई को 10 करोड़ का कानूनी नोटिस

पुणे। केतन अग्रवाल हत्याकांड में अब एक नया कानूनी विवाद सामने आया है। मामले की मुख्य आरोपी सिया गोयल का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले अधिवक्ता आशुतोष श्रीवास्तव ने सिया के भाई साहिल गोयल को 10 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है। वकील का आरोप है कि साहिल ने सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ झूठे और निराधार आरोप लगाकर उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुंचाया है।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सिया गोयल और उसके कथित बॉयफ्रेंड व सह-आरोपी चेतन चौधरी को पुलिस कस्टडी समाप्त होने के बाद वडगांव मावल कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने पुलिस की मांग पर दोनों की हिरासत 3 जुलाई तक बढ़ा दी ताकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।

सुनवाई के दौरान आशुतोष श्रीवास्तव ने कोर्ट में सिया का पक्ष रखने का दावा किया और उनके हस्ताक्षर वाला वकालतनामा भी पेश किया। हालांकि, सिया ने अदालत को बताया कि उनके अधिकृत वकील आशुतोष श्रीवास्तव नहीं, बल्कि विपुल दुशिंग हैं। इसके बाद कोर्ट में दोनों पक्षों के दावों को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई।

सिया के भाई साहिल गोयल ने इससे पहले आरोप लगाया था कि परिवार ने आशुतोष श्रीवास्तव को कभी भी सिया की पैरवी के लिए अधिकृत नहीं किया। उनका दावा था कि इस संबंध में अदालत में हलफनामा भी दाखिल किया गया है। साहिल ने यह भी आरोप लगाया कि श्रीवास्तव ने कथित रूप से धोखे से सिया के हस्ताक्षर हासिल किए और परिवार को धमकाने की कोशिश की। इन आरोपों को झूठा बताते हुए अधिवक्ता श्रीवास्तव ने अब साहिल को 10 करोड़ रुपये के हर्जाने का कानूनी नोटिस भेजा है।

उधर, पुलिस ने अदालत को बताया कि जांच अभी जारी है और आरोपियों से पूछताछ बेहद जरूरी है। जांच में सामने आया है कि सिया और चेतन चौधरी कथित तौर पर पहले लोहागढ़ किले गए थे, जहां उन्होंने उस स्थान की पहचान की थी, जहां से केतन अग्रवाल को धक्का देकर मारने की साजिश रची गई।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच एजेंसियां डिलीट किए गए डिजिटल सबूतों को रिकवर करने और नए गवाहों के सामने आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी हैं। पुलिस का आरोप है कि सिया ने शादी से बचने और पारिवारिक बदनामी के डर से अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रची थी। इसी मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत पूछताछ की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.